घरघोड़ा में सक्रिय स्कूटी चोर गिरफ्तार, 6 माह बाद पुलिस ने बरामद की चोरी की जुपिटर

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़/घरघोड़ा।
जिले में चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को अहम सफलता मिली है। करीब छह महीने पहले चोरी हुई स्कूटी को बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा और उसके कब्जे से वाहन बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला थाना घरघोड़ा क्षेत्र का है, जहां वार्ड क्रमांक 10 निवासी 51 वर्षीय महिला ने अप्रैल 2026 में अपनी स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला रोजाना की तरह 3 अप्रैल की शाम वॉकिंग के लिए हाई स्कूल ग्राउंड गई थीं और टीचर कॉलोनी के पास अपनी पर्पल रंग की स्कूटी खड़ी कर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर वाहन लेकर फरार हो गया था। अगले दिन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की थी।
मामले की विवेचना के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी। इसी बीच 27 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैहामुड़ा बोरपारा का एक युवक चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और संदेही को मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम नवीन मिश्रा (24 वर्ष) बताया और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पर्पल रंग की TVS जुपिटर स्कूटी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है, बरामद कर ली। स्कूटी बिना नंबर प्लेट के रखी गई थी, जिससे उसकी पहचान छिपाई जा सके।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्धोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️
