ओडिशा कनेक्शन पर पुलिस का प्रहार: ‘ऑपरेशन आघात’ में 60 किलो गांजा जब्त, तमनार के दो तस्कर गिरफ्तार

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, 20 अप्रैल। सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सटीक और प्रभावी चोट की है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने ओडिशा से गांजा की खेप लेकर आ रही एक कार को घेराबंदी कर पकड़ा और दो आरोपियों को धर दबोचा। इस कार्रवाई में करीब 60 किलोग्राम गांजा समेत 20 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर तंत्र के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा के बिलाईमुंडा क्षेत्र से एक सफेद रंग की कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर रायगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना तमनार और साइबर टीम ने बिना समय गंवाए धौराभांठा मेन रोड पर नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन क्रमांक OR 15 T 7372 मौके पर पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 9 पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर इसकी मात्रा 60 किलोग्राम निकली, जिसकी बाजार कीमत लगभग 15 लाख 14 हजार 750 रुपये आंकी गई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और वाहन सहित कुल 20 लाख 24 हजार 750 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोहन लाल सिदार (40) निवासी रायपारा और विनोद प्रधान (33) निवासी समकेरा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के संबलपुर निवासी कमल मेहर के संपर्क में थे और उसी के कहने पर गांजा की यह खेप लाकर अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने फरार आरोपी कमल मेहर की तलाश तेज कर दी है।
इस पूरे मामले में थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें—सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस सफलता के पीछे थाना तमनार और साइबर टीम की संयुक्त रणनीति और सतर्कता को अहम माना जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयाँ यह संकेत दे रही हैं कि रायगढ़ पुलिस अब नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरी है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/