विश्व दृष्टि दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार में नेत्र सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

बीएमओ डॉ. डी.एस. पैंकरा के मार्गदर्शन में नेत्र सहायकों ने आंखों की देखभाल एवं नेत्र रोगों से बचाव की दी जानकारी

तमनार। राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार में नेत्र सुरक्षा एवं आंखों की नियमित जांच के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार के बीएमओ डॉ. डी.एस. पैंकरा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर नेत्र सहायक अधिकारी अर्जुन कुमार बेहरा, लक्ष्मी प्रसाद सारथी एवं शिवलाल साहू ने विश्व दृष्टि दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने और आंखों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि मधुमेह के कारण आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है। समय पर जांच एवं उपचार नहीं कराने से गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए मधुमेह से पीड़ित व्यक्तियों को नियमित रूप से नेत्र विशेषज्ञ से आंखों की जांच करानी चाहिए। साथ ही, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा एवं अन्य नेत्र रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने मोबाइल एवं कंप्यूटर का लगातार उपयोग करने वाले लोगों को बीच-बीच में आंखों को आराम देने, पर्याप्त नींद लेने, आंखों को साफ रखने तथा धूल और धुएं से बचाव करने की सलाह दी। इसके साथ ही, नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
स्वास्थ्य विभाग का संदेश: आंखें अनमोल हैं, इनकी सुरक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। समय पर नेत्र जांच और उचित उपचार से आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️