02 करोड़ से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का नष्टीकरण, 16 NDPS मामलों का जब्त माल किया गया समाप्त


रायगढ़ | 2 अक्टूबर 2026
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण और व्यापक कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में विभिन्न NDPS मामलों में जब्त मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
यह पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्रवाई की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ पंचनामा और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किया गया।

सूत्रों के अनुसार, जिले के कुल 16 NDPS प्रकरणों में जब्त 415.991 किलोग्राम गांजा तथा 03 नग गांजा पौधों को एसएसपी स्टील एंड पॉवर लिमिटेड, जामगांव प्लांट की भट्ठी में विधिवत रूप से जलाकर नष्ट किया गया। वहीं, नशीली दवाओं के मामलों में जब्त 108 नग प्रतिबंधित सिरप तथा 529 नग टैबलेट/कैप्सूल सहित कुल 637 नग दवाइयों को प्लांट परिसर के समीप बुलडोजर और रोड रोलर की सहायता से कुचलकर गड्ढे में दबाकर नष्ट किया गया।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि इन सभी जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 02 करोड़ 08 लाख 26 हजार 399 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

नष्टीकरण की इस प्रक्रिया के दौरान जिला स्तरीय समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक श्री उत्तम प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी श्री अभिषेक तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं पंचगण मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️