रायगढ़ में शाकाहार जन-जागरण की अलख: कुंजेमुरा से औराजोर तक निकलेगा जयगुरुदेव संगत का विशाल काफिला

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले में शाकाहार और आध्यात्मिक जागरूकता को लेकर एक बार फिर जयगुरुदेव संगत सक्रिय होती नजर आ रही है। विश्व विख्यात संत परम पूज्य बाबा जयगुरुदेव महाराज जी एवं वक्त के कामिल मुर्शीद हजूर महाराज जी की प्रेरणा से 2 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 10 बजे एक भव्य “शाकाहारी जन-जागरण काफिला रैली” का आयोजन किया जा रहा है। यह काफिला कुंजेमुरा आश्रम से प्रारंभ होकर क्षेत्र के दर्जनों गांवों से गुजरते हुए औराजोर में जाकर सम्पन्न होगा।
आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह रैली केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में शाकाहार, नैतिक जीवनशैली और आपसी सद्भाव का संदेश देने का एक संगठित प्रयास है। रैली के दौरान संगत के सदस्य विभिन्न गांवों में रुककर लोगों को मांसाहार त्यागने, नशामुक्त जीवन अपनाने और आध्यात्मिक मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेंगे।

रैली का निर्धारित मार्ग कुंजेमुरा से शुरू होकर पाताबांधा, पाली, डोलेसरा, कटरापाली, जरेकेला, कचकोबा, आमाघाट, गोढ़ी, कसडोल, तमनार, महलोई, पड़ीगांव, समकेरा, धौराभाठा, आमगांव, टांगरघाट, केसरचुआ होते हुए औराजोर तक रहेगा। इस दौरान विभिन्न गांवों में स्थानीय श्रद्धालु और ग्रामीण भी काफिले का स्वागत करेंगे।
जयगुरुदेव संगत जिला रायगढ़ की ओर से सभी प्रेमी भाई-बहनों, धर्मप्रेमी नागरिकों और विशेष रूप से युवा संगत के साथियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। आयोजकों ने यह भी स्पष्ट किया है कि रैली के प्रचार-प्रसार में गांव-गांव से वाहनों के माध्यम से सहभागिता बढ़ाई जाए, ताकि संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।
मीडिया प्रभारी केशव चौहान ने बताया कि रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बनेगा।
जिले में इस तरह के आयोजनों से जहां धार्मिक वातावरण सशक्त होता है, वहीं सामाजिक स्तर पर भी सकारात्मक संदेश प्रसारित होता है। अब देखना होगा कि यह शाकाहारी जन-जागरण काफिला कितनी व्यापक जनभागीदारी के साथ अपने उद्देश्य को सफल बनाता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️