Latest News

रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर जुए का ‘महाकुंभ’ ध्वस्त: 33 जुआरी गिरफ्तार, ₹90 लाख की गाड़ियां जब्त

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 20 जुलाई 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए जुए के बड़े अड्डे का पर्दाफाश किया है। रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर संचालित हो रहे खुडखुडिया जुए के पांच फड़ों पर छाल पुलिस ने देर रात दबिश दी, जहां से 33 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ₹57,140 नगद राशि, जुआ खेलने की सामग्री और रोशनी के लिए उपयोग में लाई जा रही 5 गैस लाइट जब्त कीं। इसके अलावा जुआ खेलने पहुंचे आरोपियों के कब्जे से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो कार समेत लगभग ₹90 लाख मूल्य की संपत्ति भी बरामद की गई, जो इस अवैध गतिविधि के बड़े नेटवर्क की ओर संकेत करती है।

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए जुआरी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्रों से जुड़े हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के बाहरी इलाके में एकत्र होकर लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे थे। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

छाल पुलिस ने इस मामले में सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

इस पूरी कार्रवाई को जिले में अवैध जुए के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। पुलिस की इस सफलता में थाना छाल की टीम की सक्रियता और रणनीतिक कार्यप्रणाली की अहम भूमिका रही।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि “रायगढ़ जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

यह कार्रवाई न केवल अवैध जुए के नेटवर्क पर करारा प्रहार है, बल्कि यह भी संकेत है कि जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अब पूरी तरह से आक्रामक मोड में है।

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button