Latest News

रायगढ़ में अवैध हथियारों पर पुलिस की सख्ती: कार से देशी कट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 7 जुलाई 2026। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने देर रात घेराबंदी कर एक कार से देशी कट्टा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ओडिशा की ओर से रायगढ़ आने वाली एक संदिग्ध कार में अवैध हथियार होने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और विजय चेलक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहाड़ मंदिर के समीप मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान एक सफेद रंग की टोयोटा ग्लैंजा कार (क्रमांक CG-13 AQ-6663) पुलिस को देखकर कुछ दूरी पर रुक गई, जिससे संदेह और गहरा गया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने वाहन को घेरकर उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान हरीश यादव (26 वर्ष), निवासी बजरंग रामभाठा, रायगढ़ और प्रहलाद केंवट (24 वर्ष), मूल निवासी अकलतरा (जांजगीर-चांपा), वर्तमान निवासी किरोड़ीमल नगर, रायगढ़ के रूप में हुई।

विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों को तलाशी के अधिकारों की जानकारी दी गई और उनकी सहमति से वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के भीतर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 4.10 लाख रुपये बताई जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद हथियार उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान, निवासी बंगलापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र, रायगढ़ से खरीदा था। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान उक्त आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू सहित आरक्षक मनोज पटनायक और रोशन एक्का की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी पुलिस विभाग द्वारा सराहना की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्तर पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में संलिप्त नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Now U can Download Amar khabar from google play store also.

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button