Latest News

तीन वारदातों का मास्टरमाइंड गिरफ्त में: तमनार पुलिस ने बैंक और बाजार में सक्रिय उठाईगिरी गिरोह का किया पर्दाफाश

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से बैंक और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर हो रही उठाईगिरी की घटनाओं का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इन वारदातों के पीछे सक्रिय गिरोह के मुख्य आरोपी हरि उर्फ विशाल नट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हरि उर्फ विशाल नट (41) अपने साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह ने अलग-अलग घटनाओं में कुल 2 लाख 44 हजार रुपये की उठाईगिरी की थी। धर्मेन्द्र नट को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसकी निशानदेही पर दो अपाचे मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए जा चुके हैं।

जांच में सामने आया कि 9 अप्रैल 2026 को झरना गांव के गोसाई राम राठिया अपेक्स बैंक से राशि निकालकर बाजारपारा पहुंचे थे। इसी दौरान होटल में नाश्ता करते समय उनके बाइक हैंडल में टंगे थैले से नकदी, पासबुक और एटीएम कार्ड चोरी कर लिए गए। इसके बाद 14 मई को सराईपाली के 65 वर्षीय रहंसराम खम्हारे बैंक से पैसे निकालकर यात्री प्रतीक्षालय में बैठे थे, जहां झपकी लगने के दौरान उनका बैग पार कर दिया गया।

सबसे बड़ी वारदात 8 जून को सामने आई, जब गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल बैंक से दो लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय गए थे। लौटने पर डिक्की टूटी मिली और पूरी राशि गायब थी। तीनों मामलों में थाना तमनार में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

लगातार बढ़ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

पुलिस ने 19 जून को पहले धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपने साथी हरि उर्फ विशाल नट का नाम उजागर किया। इस बीच मुख्य आरोपी हरि नट जिला कोरिया के एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में बंद था। पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने तीनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपी ने बताया कि चोरी की गई रकम का आपस में बंटवारा कर अधिकांश पैसे जुआ और अन्य खर्चों में उड़ा दिए गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे पुनः जेल भेज दिया गया।

इस पूरे मामले के खुलासे में थाना तमनार के प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव और उनकी टीम के प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, हेम प्रकाश सोन एवं आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार की भूमिका अहम रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय उठाईगिरी के गिरोह पर बड़ी रोक लगी है, वहीं आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Now U can Download Amar khabar from google play store also.

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button