रायगढ़ हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत; चालक वाहन छोड़कर फरार

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे की है। ग्राम निवासी विरेन्द्र सिंह ठाकुर को गांव के ही रवि ठाकुर ने फोन पर सूचना दी कि एसईसीएल सब एरिया ऑफिस नवापारा-बांधापाली मार्ग के बीच सुंदरम सिंह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया है। सूचना मिलते ही विरेन्द्र सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां सुंदरम सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं।
घटना के संबंध में बताया गया है कि ट्रेलर क्रमांक CG 04 PD 4533 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार सुंदरम सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ने न तो घायल को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की और न ही पुलिस को सूचना दी, बल्कि वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए एसईसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर छाल पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.