रेत के अवैध कारोबार की खूनी साजिश: फॉरचुनर को ‘मौत का पिंजरा’ बनाकर दो लोगों को जिंदा जलाया, इलाके में दहशत

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
कोरिया (छत्तीसगढ़), 17 जून 2026।
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत के अवैध कारोबार को लेकर हिंसा ने भयावह रूप ले लिया है। सोनहत थाना क्षेत्र के नवगई गांव में मंगलवार देर रात एक सुनियोजित हमले में भाजपा से जुड़े पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और शिक्षक भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत दो लोगों की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे भरत सिंह अपने साथियों के साथ दो वाहनों में नवगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उनकी फॉर्च्यूनर कार को एक टिपर वाहन से बार-बार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दरवाजे पूरी तरह जाम हो गए और अंदर बैठे लोग बाहर निकलने में असमर्थ हो गए।
स्थिति का फायदा उठाते हुए हमलावरों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे लोग जान बचाने के लिए शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया। बाहर निकलने का प्रयास कर रहे लोगों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
इस हमले में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों को 40 से 60 प्रतिशत तक झुलसने के कारण बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला रेत के अवैध कारोबार और पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले ही भरत सिंह और कथित रेत ठेकेदार मनोज त्रिपाठी के बीच विवाद हुआ था, जो थाने तक भी पहुंचा था। देर रात जब भरत सिंह दोबारा उसी क्षेत्र में पहुंचे, तब हमलावर पहले से तैयार बैठे थे और उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.