विधानसभा सीमा द्वार बना मौत का फंदा: भीषण टक्कर में ट्रांसपोर्टर व चालक की मौके पर मौत, दो गंभीर

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घरघोड़ा–तमनार मुख्य मार्ग पर झरियापाली और देवगढ़ के बीच, लैलूंगा–धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर बने स्वागत द्वार के पास एक तेज रफ्तार कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर सीधे संरचना से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तमनार की ओर से घरघोड़ा आ रही कैंपर गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। शाम करीब 5:30 बजे के आसपास वाहन जैसे ही झरियापाली–देवगढ़ के बीच स्थित सीमा द्वार के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे स्वागत द्वार से जा भिड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े सत्येंद्र पाण्डेय (उम्र लगभग 45 वर्ष) और चालक रोहित कश्यप (उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी कोरबा) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, जीतेन्द्र सिंह (56 वर्ष) और विपिन सिंह (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा सक्रिय हुई और आरक्षक रामकृष्ण रात्रे तथा चालक जनार चौहान ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घरघोड़ा पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

मृतकों के शवों को घरघोड़ा के मरचुरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने की जताई जा रही है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

इस दुर्घटना ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर बने स्थायी ढांचों और सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त सीमा द्वार के पास पहले भी हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
फ
Now U can Download Amar khabar from google play store also.