तमनार में फ्लाई ऐश का कहर: ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, NGT जाने की दी चेतावनी (देखें वीडियो)

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, तमनार:
जिले के तमनार क्षेत्र में स्थित जिंदल पावर लिमिटेड के प्लांट से फैल रहे फ्लाई ऐश (राख), धूल एवं प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। बुधवार को क्षेत्र के कई ग्रामों के ग्रामीणों ने एकजुट होकर तमनार तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश गर्मी के मौसम में तेज हवाओं के साथ गांवों में फैल रही है, जिससे पूरे इलाके में वायु और जल प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन, त्वचा रोग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह स्थिति पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986, वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1981 और जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1974 के प्रावधानों का उल्लंघन है। साथ ही ग्रामीणों ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के दिशा-निर्देशों की अनदेखी का भी आरोप लगाया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी प्लांट प्रबंधन के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कदम नहीं उठाए गए तो वे राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में याचिका दायर करेंगे।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
फ्लाई ऐश नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी उपाय लागू किए जाएं
प्रभावित क्षेत्रों में नियमित पानी का छिड़काव हो
स्वतंत्र पर्यावरणीय जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
स्वास्थ्य शिविर और मुफ्त इलाज की व्यवस्था हो
किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा मिले
स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस ज्ञापन पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
News associate Sauraj sahu
Now U can Download Amar khabar from google play store also.