समकेरा में अंबेडकर जयंती पर सामाजिक एकता का प्रदर्शन, चौहान समाज तमनार के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
तमनार(समकेरा)। 14 अप्रैल 2026, मंगलवार का दिन समकेरा के सामाजिक भवन में सामाजिक जागरूकता, एकजुटता और सम्मान के भाव से ओतप्रोत रहा। अवसर था डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर की जयंती का, जिसे चौहान समाज तमनार द्वारा पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इसी पावन अवसर पर समाज के नवगठित ब्लॉक पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ और युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब अंबेडकर और समाज के आराध्य दूल्हा देव के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन से हुई। उपस्थित जनसमूह ने श्रद्धा के साथ बाबा साहब के योगदान को नमन किया और एक-एक कर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर सामाजिक न्याय और समानता के उनके विचारों को याद किया।

इसके बाद मुख्य अतिथियों और जिला स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति में नव नियुक्त ब्लॉक पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के साथ ही समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सलाहकार सत्यनारायण चौहान, सलाहकार गणपत चौहान और मोहन चौहान ने अपने संबोधन में बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका और वंचित समाज को अधिकार दिलाने के उनके प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने सामाजिक एकता और शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया।

समारोह में जिला अध्यक्ष देव प्रसाद चौहान, उपाध्यक्ष धनुर्जय चौहान, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रामेश्वर चौहान, महासचिव संतोष चौहान सहित महिला प्रकोष्ठ और युवा प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा घरघोड़ा और तमनार क्षेत्र से आए नव नियुक्त पदाधिकारियों में अध्यक्ष भुपदेव चौहान, युवा अध्यक्ष केशव चौहान, उपाध्यक्ष हरीश चौहान, जनक चौहान, सुरेश चौहान, सिकंदर चौहान, सचिव श्याम चौहान, सह सचिव संजय सांडे, संगठन मंत्री नरेंद्र चौहान, उमा शंकर तथा कार्यकारिणी सदस्य हीरा लाल चौहान और रूपलाल चौहान प्रमुख रूप से शामिल रहे। महिला प्रकोष्ठ से सरोज चौहान, सेतकुमारी चौहान, रशिला चौहान और कुमारी चौहान की सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सौहार्द और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला, जिसने इस आयोजन को एक यादगार सामाजिक आयोजन बना दिया।

अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/