Latest News

रफ्तार का कहर थमता नहीं: तमनार में ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत, मार्च का बढ़ता हादसों का ग्राफ चिंताजनक

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। तमनार थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया। इंदिरा नगर वन विभाग कार्यालय के सामने ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बरभांठा चौक निवासी शिव प्रसाद भगत ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका भांजा श्रीराम भगत रविवार दोपहर गोढ़ी स्थित अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह इंदिरा नगर क्षेत्र में वन विभाग कार्यालय के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर चालक वाहन को लापरवाहीपूर्वक चला रहा था और हादसे के बाद मौके से भागने की कोशिश भी की। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।

मार्च में हादसों की बढ़ती संख्या बनी चिंता
रायगढ़ जिले में मार्च माह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिला है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह इस महीने का करीब 10वां बड़ा सड़क हादसा है, जिसमें किसी न किसी की जान गई है। खासकर तमनार,घरघोड़ा, पूंजीपथरा, लैलूंगा और औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार हादसों की बड़ी वजह बन रही है।

प्रशासनिक स्तर पर भले ही सड़क सुरक्षा के दावे किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। सवाल यह है कि आखिर कब तक रफ्तार का यह कहर यूं ही जिंदगियां निगलता रहेगा?

See also  नई गाइडलाइन में जमीन मालिकों को मिलेगा रिकॉर्ड मुआवजा,

अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button