42 वर्षों की निष्कलंक सेवा का अवसान: एएसआई देव प्रसाद चौहान को रायगढ़ पुलिस ने दी गरिमामयी विदाई

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 31 मई 2026। पुलिस सेवा के अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बने सहायक उप निरीक्षक देव प्रसाद चौहान ने 42 वर्षों के लंबे और उल्लेखनीय कार्यकाल के बाद रविवार को औपचारिक रूप से सेवानिवृत्ति ग्रहण कर ली। इस अवसर पर रायगढ़ पुलिस परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया।
पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित सेवा सम्मान समारोह का माहौल भावुकता और गौरव के मिश्रण से भरा रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्वयं श्री चौहान को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर भी उपस्थित रहीं।

मार्च 1984 में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा में प्रवेश करने वाले श्री चौहान ने अपने कार्यकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण थानों—कुनकुरी, बगीचा, सारंगढ़, कोसीर, धरमजयगढ़, कोतवाली रायगढ़, तमनार, पूंजीपथरा, जूटमिल, कोतरारोड और लैलूंगा—में अपनी सेवाएं दीं। हर पदस्थापना पर उन्होंने कर्तव्य के प्रति ईमानदारी और अनुशासन का परिचय देते हुए विभाग की विश्वसनीयता को सुदृढ़ किया।
सेवानिवृत्ति के एक दिन पूर्व थाना लैलूंगा में भी उन्हें सम्मानित किया गया, जहां थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं स्टाफ ने पारंपरिक सम्मान स्वरूप शाल, श्रीफल और स्मृति उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

समारोह के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए श्री चौहान भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की सबसे मूल्यवान पूंजी हैं, जहां उन्होंने न केवल कर्तव्य निभाया बल्कि एक परिवार का हिस्सा बनकर जीवन जिया।
अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने श्री चौहान की सेवाओं को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मी विभाग की पहचान होते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अब सेवानिवृत्ति के बाद का समय उनके लिए नई संभावनाओं और पारिवारिक जीवन को समर्पित करने का अवसर है।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने श्री चौहान के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
मूलतः सक्ती जिले के ग्राम बंजारी निवासी श्री चौहान के पीछे धर्मपत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार हैं। उनकी सेवाएं न केवल पुलिस विभाग बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.