Latest News

रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर मौत का साया: दो भीषण हादसों में 2 की जान गई, एक की हालत नाजुक

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़। जिले के रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर रविवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। थाना पूंजीपथरा क्षेत्र अंतर्गत हुई इन दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटनाओं के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला हादसा तराईमाल स्थित दसमेश पेट्रोल पंप के सामने हुआ। यहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दूसरी घटना भी इसी मार्ग पर हुई, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे जा रहे एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि उक्त व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस के सामने चुनौती और बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घटनास्थलों का मुआयना किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भिजवाया है। प्रारंभिक जानकारी में एक मृतक की पहचान नितेश साहू (निवासी बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा) के रूप में हुई है, जो सिंघल कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है। वहीं दूसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

इधर, घायल युवक की पहचान समीर लेदर (निवासी पुराना सिंचाई कॉलोनी, जांजगीर) के रूप में हुई है, जिसे गंभीर अवस्था में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह भी सिंघल कंपनी में कार्यरत है।

पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसों के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और शिनाख्त व साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे हादसों को लेकर मार्ग पर सुरक्षा उपायों की कमी पर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button