धर्मजयगढ़ में रेलवे संपत्ति पर चोरों का धावा: रात के सन्नाटे में उखाड़ ले गए ओवरहेड वायरिंग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। ग्राम गेरसा से आमापाली के बीच रेलवे ट्रैक पर देर रात हुई इस वारदात में अज्ञात चोरों ने ओवरहेड लाइन से जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों को निशाना बनाते हुए करीब 80 हजार रुपये की सामग्री पार कर दी।
घटना 29 मार्च 2026 की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। खंभा नंबर 62 से 65 किलोमीटर के दायरे में सक्रिय चोरों ने बड़ी सफाई से केटनरी वायर, कॉन्टेक्ट वायर, स्प्लाइस, जम्पर वायर, कॉपर ड्रॉपर वायर, पीजी क्लैम्प सहित कई जरूरी फिटिंग सामग्री को उखाड़ लिया। यह पूरा काम इतने व्यवस्थित तरीके से किया गया कि पहली नजर में यह सामान्य तकनीकी काम जैसा प्रतीत हो सकता था।
रेलवे सुरक्षा में तैनात गार्ड सुखदेव राम राठिया ने जब मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, तब चोरी का खुलासा हुआ। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक आकलन में चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है, हालांकि जानकारों का मानना है कि इससे कहीं अधिक मूल्य का नुकसान भी संभव है, क्योंकि इन उपकरणों का सीधा संबंध रेलवे संचालन और सुरक्षा से होता है।
घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा को सौंपी गई है, जो आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और कबाड़ी नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही हैं।
इस वारदात ने न सिर्फ रेलवे सुरक्षा की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि इलाके में सक्रिय गिरोह पहले से रेकी कर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस क्षेत्र में सुरक्षा गश्त बेहद कमजोर रहती है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे जाते हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस और रेलवे प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता दिखाते हैं, और क्या इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं। फिलहाल, अज्ञात चोरों की तलाश जारी है और इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/