Latest News

‘खुड़खुड़िया’ और ‘स्टाइगर’ जुए पर पुलिस का शिकंजा: ऑपरेशन अंकुश में 5 जुआरी धराए, गांव से प्लांट क्षेत्र तक कार्रवाई

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 19 जुलाई 2026।
जिले में परंपरागत ‘खुड़खुड़िया’ और शहरी स्वरूप ले चुके ‘स्टाइगर’ जुए के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुसौर और पूंजीपथरा थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में नगदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन सहित जुआ खेलने की सामग्री भी जब्त की गई है।

गांव में खुड़खुड़िया जुआ फड़ पर रेड
पुलिस के मुताबिक, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कठली में बड़े तालाब की मेड़ पर खुड़खुड़िया (झंडी-मुंडी) जुआ संचालित होने की सूचना पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और जुआ सामग्री बरामद की गई। ग्रामीण अंचल में लंबे समय से प्रचलित खुड़खुड़िया जुआ को लेकर पुलिस की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह खेल धीरे-धीरे संगठित रूप लेता जा रहा था।

प्लांट क्षेत्र में ‘स्टाइगर’ जुआ पर भी प्रहार
इसी कड़ी में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में भी जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास ‘स्टाइगर’ जुआ खेलाते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां से नगदी और स्टाइगर गोटी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्रों में कामगारों को निशाना बनाकर इस तरह के जुए का जाल फैलाया जा रहा था।

कानूनी शिकंजा और बढ़ेगा
दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जुआ केवल अवैध गतिविधि ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक अपराधों की जड़ भी है, जो युवाओं को गलत दिशा में धकेलता है।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

जमीनी हकीकत
गौरतलब है कि ग्रामीण इलाकों में खुड़खुड़िया जैसे पारंपरिक जुए और औद्योगिक क्षेत्रों में स्टाइगर जैसे आधुनिक स्वरूप तेजी से फैल रहे हैं। ऐसे में पुलिस की यह दोहरी कार्रवाई यह संकेत देती है कि अब गांव से लेकर प्लांट क्षेत्र तक जुए के हर रूप पर नजर रखी जा रही है।

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button