एयरगन फायरिंग कांड का खुलासा: कोतरा रोड हमले का आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार, पत्नी संग फरारी के बाद पुलिस ने दबोचा

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। कोतरा रोड क्षेत्र में दो दिन पहले हुए सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुशहाल अग्रवाल पर एयरगन से दो राउंड फायर करने वाला आरोपी आखिरकार मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद आरोपी अपनी पत्नी को साथ लेकर फरार हो गया था, जिससे पुलिस के सामने शुरुआती तौर पर चुनौती खड़ी हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने खुद इसकी मॉनिटरिंग शुरू की। पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए आरोपी के पारिवारिक कनेक्शन पर फोकस किया। इसी क्रम में आरोपी की पत्नी के तीनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसने फरार आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन ग्वालियर में ट्रेस की। इसके बाद एक विशेष टीम को तत्काल रवाना किया गया, जिसने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायगढ़ लाने की प्रक्रिया जारी है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना आपसी रंजिश से जुड़ी हो सकती है, हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रणनीतिक पूछताछ ने अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की असल वजह, हथियार की उपलब्धता और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️