एटीएम पर वार की साजिश नाकाम: पूंजीपथरा पुलिस ने गैस कटर के साथ आरोपी को रंगे हाथ दबोचा

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, 28 अप्रैल।
शहर में एटीएम को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की एक सुनियोजित कोशिश को पूंजीपथरा पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। आधी रात के बाद गश्त पर निकली टीम की सतर्कता ने न केवल लाखों की संभावित चोरी को टाल दिया, बल्कि आरोपी को मौके से ही धर दबोचा गया।
घटना गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम की है, जहां तड़के करीब तीन बजे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही थाना पूंजीपथरा की गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही एक व्यक्ति एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर नकदी निकालने का प्रयास करता मिला। घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी पंकज कुमार पासवान (29) झारखंड के पलामू जिले का निवासी है, जो फिलहाल गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था और आर्थिक तंगी व कर्ज के दबाव में आकर उसने एटीएम तोड़ने की योजना बनाई थी।
इस प्रयास में एटीएम मशीन को लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। मामले में एटीएम संचालित करने वाली कंपनी के कर्मचारी की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई, जिसमें आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा की भूमिका अहम रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने टीम की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रात्रि गश्त के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई ही इस मामले में निर्णायक साबित हुई। उनका कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है, और इस तरह की सतर्कता आगे भी जारी रहेगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/