Latest News

तमनार आंदोलन के बंदियों को हाईकोर्ट से राहत, राजेश मरकाम की रिहाई पर जिला जेल पहुंचीं विधायक विद्यावती सिदार

http://amarkhabar.com

गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक की जनसुनवाई के विरोध में दर्ज हुआ था मामला, विधायक बोलीं– जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ने वालों के साथ खड़ा रहेगा समाज

रायगढ़। तमनार क्षेत्र में जिंदल के प्रस्तावित गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए आयोजित जनसुनवाई के विरोध में हुए आंदोलन से जुड़े ग्रामीणों को आखिरकार न्यायालय से राहत मिलनी शुरू हो गई है। लंबे समय से जेल में बंद ग्रामीणों की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने संबंधित बंदियों को जमानत प्रदान की है। इसी क्रम में शनिवार को राजेश मरकाम जिला जेल से रिहा हुए। उनकी रिहाई के दौरान लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार स्वयं जिला जेल पहुंचीं और उन्हें लेने के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ खुशी जाहिर की।

दरअसल, पिछले वर्ष दिसंबर में तमनार क्षेत्र के गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए आयोजित जनसुनवाई का प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने विरोध किया था। इस आंदोलन में क्षेत्र के 14 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए थे। ग्रामीणों ने सीएचपी चौक पर चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। उनका विरोध प्रस्तावित कोयला परियोजना और उससे जुड़े स्थानीय हितों एवं जमीन के सवालों को लेकर था।

आंदोलन के दौरान कोयले से लदे ट्रेलरों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद गहरा गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प की नौबत आ गई। घटना के दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने, आधा दर्जन से अधिक वाहनों में आग लगाए जाने तथा एक महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आई थीं।

घटना के बाद तमनार पुलिस ने 30 से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ बलवा, आगजनी समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया था। स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की। इस कार्रवाई में करीब दो दर्जन ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि कुछ आरोपियों ने अग्रिम जमानत भी प्राप्त की थी।

हाईकोर्ट से मिली राहत, अब रिहाई का इंतजार

गिरफ्तारी के बाद जेल में निरुद्ध ग्रामीणों ने जमानत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। मामले में सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित बंदियों को जमानत प्रदान की है। इसी का परिणाम रहा कि शनिवार को राजेश मरकाम जेल से बाहर आए। अन्य बंदियों की रिहाई की प्रक्रिया भी जारी है। समाचार लिखे जाने तक शेष ग्रामीणों की बुधवार तक रिहाई होने की संभावना जताई जा रही थी।

राजेश मरकाम की रिहाई के अवसर पर जिला जेल के बाहर परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी रही। विधायक विद्यावती सिदार का स्वयं जेल पहुंचना भी इस मामले में राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

‘जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ रहे आदिवासी’

राजेश मरकाम को लेने पहुंचीं विधायक विद्यावती सिदार ने इस पूरे घटनाक्रम को आदिवासी समाज के अधिकारों से जोड़ते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में गरीब, किसान और आदिवासी समाज अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। इसी संघर्ष के चलते समाज के लोगों को जेल में रहना पड़ रहा है।

विधायक ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज के अधिकारों और भविष्य से जुड़ी हुई है। उनका आरोप था कि जब भी गरीब और आदिवासी अपने हक की आवाज उठाते हैं, तो उन्हें पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई के जरिए दबाने की कोशिश की जाती है। अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को महीनों तक जेल में रहना पड़े, यह दुखद स्थिति है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटने वाला नहीं है और इस संघर्ष में सभी लोग एकजुट हैं। विधायक ने यह भी कहा कि फिलहाल एक साथी जेल से बाहर आया है, जबकि बुधवार तक बाकी लोगों की रिहाई की उम्मीद है। शेष ग्रामीणों को लेने भी वह स्वयं जिला जेल पहुंचेंगी।

आंदोलन के बाद भी कायम हैं कई सवाल

तमनार का यह मामला केवल एक जनसुनवाई के विरोध और उसके बाद हुई हिंसक झड़प तक सीमित नहीं है। इसके पीछे प्रभावित गांवों की जमीन, आजीविका, पर्यावरण और औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर लंबे समय से चली आ रही असहमति भी जुड़ी हुई है। एक ओर ग्रामीण परियोजना को लेकर अपनी आशंकाएं और आपत्तियां उठाते रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आंदोलन के दौरान हुई हिंसा, वाहनों में आगजनी और पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

फिलहाल उच्च न्यायालय से मिली जमानत ने जेल में बंद ग्रामीणों और उनके परिजनों को बड़ी राहत दी है। हालांकि, जमानत मिलने का अर्थ मामले में आरोपों से दोषमुक्त होना नहीं है। प्रकरण की कानूनी प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। अब सबकी निगाहें शेष बंदियों की रिहाई और इस पूरे प्रकरण में आगे होने वाली न्यायिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

See also  रायकेरा में ‘बेहरा का अवैध शराब ’ धरा: घरघोड़ा पुलिस ने 145 पाव शराब के साथ आरोपी को पकड़ा, लंबे समय से था संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय<br>

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button