21 वर्षीय युवती रहस्यमय ढंग से लापता, जंगल की ओर जाने के बाद नहीं लौटी घर; पुलिस ने शुरू की तलाश

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा से 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती घर से शौच के लिए जंगल की ओर गई थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से गुहार लगाई। युवती के पिता की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुर्रा निवासी मिलसाय खलखो की 21 वर्षीय पुत्री सुमन्ति खलखो बीते शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घर से शौच के लिए जंगल की तरफ निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंची। शुरुआत में परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की और परिचितों तथा रिश्तेदारों से भी संपर्क कर उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बावजूद जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला तो पिता ने लैलूंगा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर पहचान की अपील
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, लापता युवती की उम्र 21 वर्ष, कद लगभग साढ़े चार फीट और रंग गेहुँआ है। उसका चेहरा चौकोर बताया गया है। घर से निकलते समय उसने सफेद रंग का लाइनदार कपड़ा और गुलाबी रंग का स्वेटर पहन रखा था।
पुलिस कर रही पतासाजी
परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उसके लापता होने के कारणों और संभावित ठिकाने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उसकी पतासाजी में जुटी है।
परिजनों को उम्मीद है कि उनकी बेटी जल्द सुरक्षित घर लौट आएगी। यदि किसी व्यक्ति को युवती के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वह तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित कर सकता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️