Latest News

ऑपरेशन क्लीन हंट: घरघोड़ा पुलिस की घेराबंदी में फंसा बाइक-चोरी गैंग, फरार आरोपी भी गिरफ्तार

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 2 सितंबर 2026। जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। निगरानी बदमाश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने वाले फरार आरोपी को भी पुलिस ने धर दबोचा है। कार्रवाई में न सिर्फ चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद हुए, बल्कि पूरे घटनाक्रम की परतें भी खुल गईं।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत 23 जुलाई 2026 को दर्ज एक रिपोर्ट से हुई थी। लैलूंगा थाना क्षेत्र के फुलीकुंडा निवासी बसंत राठिया ने शिकायत में बताया था कि 29 जून को वह खाद लेने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल (CG-13-UA-3703) को जैन पंडा के घर के सामने खड़ा किया और हैंडल में टंगे झोले में अपना रेडमी मोबाइल रख दिया। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब थे। इस पर घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी कड़ी में सूचना मिली कि क्षेत्र का निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की बाइक के साथ घूम रहा है। पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 20 हजार रुपए कीमत का मोबाइल बरामद कर लिया गया।

हालांकि, वारदात में शामिल दूसरा आरोपी विकास चौहान घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय है और एक यू-ट्यूब चैनल चलाता है। पुलिस ने उसके ऑनलाइन मूवमेंट पर भी नजर बनाए रखी और स्थानीय स्तर पर मुखबिरों को अलर्ट किया।

आखिरकार 1 सितंबर को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि विकास चौहान अपने गांव चुहकीमार में मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने भी चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि तकनीकी निगरानी और जमीनी मुखबिर नेटवर्क के समन्वय से पुलिस फरार आरोपियों तक भी पहुंच बना रही है। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत जिले में निगरानी बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल मिश्रा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्योराम पटेल सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

See also  अपराधियों के मन में कानून का हो भय, पीड़ितों को तुरंत मिले न्याय: सीजी सीएम विष्णुदेव साय

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button