थाने के साए में सेंध: छत फोड़कर दो दुकानों से हुई लाखों की चोरी

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
घरघोड़ा। नगर में ताजा मामला चौंकाने वाला है, क्योंकि इस बार चोरों ने सीधे थाना परिसर से चंद कदम दूर स्थित दुकानों को निशाना बनाकर न सिर्फ लाखों की चोरी को अंजाम दिया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती भी दे डाली।
बीती रात अज्ञात चोरों ने थाना के ठीक बगल में स्थित संतोष किराना और गोकुल चंद मामराज राशन दुकान की छत तोड़कर भीतर प्रवेश किया। सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई इस वारदात में चोरों ने दोनों दुकानों से नगदी सहित बड़ी मात्रा में सामान पार कर दिया और फरार हो गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, संतोष किराना दुकान से करीब 4 लाख रुपये नगद, चांदी के सिक्के, सोने के जेवरात, मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। वहीं दूसरी दुकान, गोकुल चंद मामराज राशन से एक लाख रुपये से अधिक नकदी और बड़ी मात्रा में किराना सामग्री चोरी होने की बात सामने आई है।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, जिस तरीके से चोरों ने छत को तोड़कर अंदर प्रवेश किया, उससे स्पष्ट है कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है। खास बात यह है कि घटना स्थल थाना से महज कुछ कदमों की दूरी पर है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी नगर में एक साथ तीन दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही इन वारदातों ने व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि थाना के समीप स्थित दुकानें भी सुरक्षित नहीं हैं, तो नगर के अन्य हिस्सों की सुरक्षा का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पतासाजी की जा रही है।
फिलहाल, इस वारदात ने नगर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी किये गए माल की बरामदगी की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस खुली चुनौती का जवाब कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से दे पाती है !
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️