रायगढ़ में सड़कें फिर हुईं खून से लाल: डेढ़ घंटे में दूसरी दुर्घटना, एक की मौत, प्रशासन पर उठे सवाल

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। रविवार को महज डेढ़ से दो घंटे के भीतर हुई दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना ने न केवल एक और परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि शासन-प्रशासन की तैयारी और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र के पास स्थित ओवरब्रिज के समीप की है, जहां एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक कुसमुरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला रामवती नायक को तत्काल 112 पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है।
लगातार हादसों से दहशत, व्यवस्था पर सवाल
गौरतलब है कि यह दुर्घटना उसी दिन हुई दूसरी बड़ी घटना है, जिसने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया है। इतने कम समय में दो गंभीर सड़क हादसों का होना कहीं न कहीं यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा उपायों और निगरानी व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों और ओवरब्रिज जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में न तो पर्याप्त पुलिस निगरानी है और न ही तेज रफ्तार वाहनों पर कोई प्रभावी नियंत्रण।
प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि—
– दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल स्पीड कंट्रोल उपाय लागू किए जाएं
– ओवरब्रिज और मुख्य सड़कों पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए
– रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग को और सख्त किया जाए
– तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
लगातार हो रही दुर्घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि अब चेतावनी नहीं, बल्कि ठोस और तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे आगे भी कई परिवारों को दर्द देने का कारण बन सकते हैं।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️