चार माह बाद पुलिस के शिकंजे में आया हत्यारा पति, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 29 अगस्त। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पत्नी की बेरहमी से हत्या कर चार माह से फरार चल रहे आरोपी को कापू पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद तमिलनाडु में छिपकर फरारी काट रहा था और गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, थाना कापू क्षेत्र के ग्राम गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा निवासी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा ने 3 जून 2026 को अपनी पत्नी ननकी बाई की हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जांच मर्ग कायम कर शुरू की गई थी, जिसमें मृतिका के पिता सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। गवाहों ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी को मारते-पीटते हुए जंगल-पहाड़ी रास्ते की ओर ले गया था, जहां उसने हाथ-मुक्कों के साथ डंडे और पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में आई चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक (हॉमिसाइडल) बताया गया, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। लगातार फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस मुखबिर तंत्र सक्रिय किए हुए थी।
इसी दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव लौटा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि घटना के दिन वह पत्नी के साथ बाजार गया था, जहां दोनों ने शराब का सेवन किया। घर लौटते समय रास्ते में विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की, फिर डंडे और पत्थर से हमला कर पत्नी की जान ले ली। वारदात के बाद गिरफ्तारी के डर से वह तमिलनाडु भाग गया था और पहचान छिपाने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग भी बंद कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और डंडा बरामद कर लिया है। साथ ही घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण भी कराया गया।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और अपराध कर छिपने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️