इंस्टा वायरल वीडियो से मचा बवाल: सड़क पर अश्लील हरकत, पुलिस की सख्ती के बाद युवक ने मांगी माफी ( इंस्टा वीडियो)

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए एक वीडियो ने न केवल शहर की मर्यादा पर सवाल खड़े किए, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी बहस छेड़ दी है। वीडियो में एक युवक-युवती सार्वजनिक सड़क पर आपत्तिजनक और अश्लील हरकत करते नजर आए, जिसे किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। वीडियो के सामने आते ही यह मामला तेजी से फैल गया और लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राखी थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और सक्रियता दिखाते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवती की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और इस कृत्य पर खेद जताया।
इस घटनाक्रम में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया, जहां पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करने वाला युवक भी पुलिस के रडार में आया। पुलिस की सख्ती के बाद उसने भी अपनी गलती मानते हुए सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में इस प्रकार की हरकत न दोहराने का लिखित आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार की अश्लील हरकतें न केवल सामाजिक मर्यादा के खिलाफ हैं, बल्कि यह कानूनन अपराध भी है। इसी आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत सार्वजनिक अश्लीलता फैलाने और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के दौर में इस तरह के कृत्य तेजी से फैलते हैं, जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, खासकर युवाओं पर। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों की गरिमा को भंग करने की हिम्मत न करे।
फिलहाल पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सार्वजनिक शालीनता और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।