यहाँ भू-सर्वे विवाद हुआ हिंसक: DSP सहित 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल, इलाके में भारी तनाव

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भूमि अधिग्रहण को लेकर लंबे समय से सुलग रहा विवाद शुक्रवार को अचानक हिंसक रूप ले बैठा। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई तीखी झड़प में DSP समेत 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम SECL से जुड़े खदान क्षेत्र के सीमांकन और पूर्व में दर्ज मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी। जैसे ही टीम गांव में दाखिल हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
इस अचानक हुए हमले में DSP स्तर के अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मियों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया, लेकिन इससे भीड़ और उग्र हो गई। पथराव के दौरान कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ बसों और अन्य गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की खबर है।
दरअसल, इस इलाके में SECL की प्रस्तावित खदान परियोजना को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि वे नकद मुआवजा नहीं चाहते, बल्कि “जमीन के बदले जमीन” की मांग कर रहे हैं। इससे पहले भी जब-जब प्रशासनिक टीम सर्वे या सीमांकन के लिए पहुंची, विरोध का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर करीब 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के इंतजाम भी मौके पर किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️