मोबाइल विवाद में टूटा रिश्ता: धरमजयगढ़ में पत्नी की हत्या, 48 घंटे में पति गिरफ्तार

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी में ढंका मिला महिला का शव महज 48 घंटे के भीतर सुलझ गया। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, वह घरेलू विवाद के खतरनाक अंजाम की कहानी कहता है—जहां मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा हत्या तक पहुंच गया। इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना 13 जुलाई 2026 की है, जब मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर में झाड़ियों के बीच प्लास्टिक की बोरी से ढंका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान के रूप में की। सूचना स्थानीय निवासी हमीद बक्स ने दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतिका अपने पति मोहब्बत खान (चौहान) के साथ पिछले करीब एक वर्ष से वहीं रहकर काम कर रही थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और शराब के नशे में मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रही थीं। घटना की रात, 12 जुलाई को, आसपास के लोगों ने देर रात पति-पत्नी के बीच झगड़े और मारपीट की आवाजें भी सुनी थीं। अगले दिन शाम को मोहल्ले के बच्चों ने झाड़ियों में बोरी से ढंका शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका के शरीर के विभिन्न हिस्सों, खासकर बाईं कनपटी पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। चिकित्सकों ने अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया और इसे स्पष्ट रूप से हत्या का मामला माना।
जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी मोहब्बत खान (चौहान) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के यहां गिरवी रख दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने घर में रखे लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद शव को बोरी में ढंककर झाड़ियों में छिपा दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा बरामद कर लिया है। आरोपी मोहब्बत खान (चौहान (47), मूल निवासी ग्राम डगभौना थाना कापू, वर्तमान निवासी मस्जिदपारा, धरमजयगढ़, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने इस मामले पर कहा कि घरेलू विवाद के नाम पर किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️