Latest News

“जंगल से जेल तक: ‘ऑपरेशन आघात’ में अवैध शराब और नशा कारोबार पर पुलिस का दोहरा प्रहार”

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़, 28 मई। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार और नाबालिगों को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों पर निर्णायक प्रहार किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन कार्रवाइयों से नशा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गेरवानी के केसर जंगल में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने किया। जंगल के भीतर संचालित अवैध महुआ शराब के अड्डों पर दबिश देते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई में साहिल यादव (20 वर्ष), निवासी गेरवानी डीपापारा, के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी इस शराब को बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखे हुए था। वहीं दूसरी कार्रवाई में सुभाष बघेल (24 वर्ष), निवासी गेरवानी, के पास से 12 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 2200 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, हेमसागर पटेल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

इधर, जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक और गंभीर मामले का खुलासा किया, जहां नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेचे जा रहे थे। केलो पुल के पास स्थित जेल कॉम्प्लेक्स की एक किराना दुकान पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर कुछ बच्चों को सोल्यूशन का सेवन करते पाया, जो पुलिस को देखकर भाग निकले।

दुकान संचालक संतोष वाधवानी (57 वर्ष), निवासी पंचवटी नगर, को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें MAXO BOND ADHESIVE कंपनी के 50 एमएल के 13 और 10 एमएल के 39 सोल्यूशन ट्यूब बरामद हुए। साथ ही बिक्री की रकम भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिगों को जानबूझकर ऊंची कीमत पर यह सामग्री बेच रहा था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जेजे एक्ट की धारा 77 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे भी न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में एएसआई हेमंत कश्यप सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शराब, नशीले पदार्थ और इससे जुड़े कारोबारियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि पुलिस अब नशा तंत्र की जड़ों तक पहुंचने के लिए रणनीतिक और आक्रामक दोनों मोड में काम कर रही है।

Now U can Download Amar khabar from google play store also.

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button