Latest News

ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़, 10 मार्च। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या करने वाली महिला के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मर्ग जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेमीजोर निवासी 26 वर्षीय महिला ने 6 फरवरी की दोपहर अपने घर के रसोई कमरे में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों द्वारा उसे तत्काल फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तमनार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट और मोबाइल में सुरक्षित ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी। जांच में सामने आया कि गांव का महेन्द्र गुप्ता महिला और एक युवक के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और गलत कार्यों के लिए दबाव बना रहा था। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

आरोपी महेंद्र गुप्ता

मामले में साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर महेन्द्र गुप्ता (31 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। मामले की जांच और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के मानसिक उत्पीड़न या अपराध को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button