निर्माण कार्य रोकने पहुंचे पटवारी से मारपीट, दो भाइयों के खिलाफ FIR दर्ज

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य रोकने की समझाइश देने पर दो भाइयों ने पटवारी के साथ विवाद करते हुए हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहसीलदार के निर्देश पर पहुंचे थे जांच करने
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पोरडा निवासी शिवानंद गिरी (37 वर्ष) घरघोड़ा तहसील के राजस्व निरीक्षक मंडल कुडुमकेला अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर 8, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। गुरु नानक जयंती के अवकाश के दिन तहसीलदार ने उन्हें ग्राम तिलाईपाली-रायकेरा क्षेत्र के नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिलने पर मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद पटवारी शिवानंद गिरी मौके पर पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी गुप्ता द्वारा संबंधित भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था। भूमि का कुछ हिस्सा वन विभाग और कुछ हिस्सा राजस्व विभाग के अधीन होने के कारण पटवारी ने वन विभाग के कर्मचारी से भी संपर्क किया। संयुक्त जांच होने तक निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी गई।
समझाइश के बाद शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोकने की बात पर प्यारीलाल गुप्ता नाराज हो गया और पटवारी से विवाद करने लगा। उसने पूछा कि किसके आदेश पर जांच करने पहुंचे हैं। इस पर पटवारी ने तहसीलदार के निर्देश की जानकारी देते हुए मोबाइल फोन पर उनसे बातचीत भी कराई।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद पटवारी जब वापस लौट रहे थे, तब प्यारीलाल गुप्ता ने वहां मौजूद उत्तर कुमार गुप्ता पर निर्माण कार्य की सूचना देने का आरोप लगाते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पटवारी के साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। इसी दौरान प्यारीलाल का बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
गाल और पीठ में आई चोटें, पुलिस ने दर्ज किया मामला
मारपीट की घटना में पटवारी शिवानंद गिरी के गाल, पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद उन्होंने घरघोड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने प्यारीलाल गुप्ता और विजय गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 132, 223, 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️