दिल दहला देने वाली वारदात: मां-बेटी की निर्मम हत्या, क्षेत्र में दहशत का माहौल,, पढ़ें पूरी खबर..

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक असहाय महिला और उसकी महज 10 माह की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और लोग भय व आक्रोश के माहौल में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बरत नाग (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम छापरपानी की निवासी थी। पति की लगभग पांच वर्ष पूर्व मृत्यु के बाद से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी और अपनी छोटी बच्ची के साथ गांव में ही मांगकर जीवन यापन कर रही थी। महिला गांव के एक बोर घर में रह रही थी, जहां यह हृदयविदारक घटना घटित हुई।
बताया जा रहा है कि 16 जुलाई की रात एक अज्ञात व्यक्ति गलत इरादे से वहां पहुंचा और उसने महिला पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा और किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी भी जान ले ली। बच्ची की मौत अंदरूनी चोटों के कारण हुई बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए गए हैं और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
इस निर्मम दोहरे हत्याकांड ने न सिर्फ गांव, बल्कि पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इतनी क्रूर घटना पहले कभी नहीं हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया जाएगा।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️