दिनदहाड़े वृद्धा से सोने की चैन की लूट, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी दो घंटे में गिरफ्तार

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। दिनदहाड़े सड़क पर वृद्धा और उसकी नतनीन के साथ हुई लूट की घटना ने चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। लेकिन पुलिस की त्वरित और संगठित कार्रवाई के चलते लुटेरे महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी निवासी रामकुंवर निषाद अपनी नतनीन रोशनी निषाद के साथ शुक्रवार सुबह ग्राम परसदा के एक रिश्तेदार के घर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए बस से रायगढ़ पहुंचे थे। हेमु कलानी चौक पर उतरने के बाद दोनों चक्रपथ होते हुए सारंगढ़ बस स्टैंड जाने के लिए पैदल निकले थे।
इसी दौरान मरीन ड्राइव के पास दो बदमाश स्कूटी पर आए और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए रामकुंवर और रोशनी को एक केस की पूछताछ का बहाना बनाकर रोक लिया। जैसे ही उन्होंने वृद्धा से बातचीत शुरू की, बदमाशों ने उसकी गले से सोने की चैन झपट ली और फरार हो गए।
चूंकि घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के नजदीक हुई थी, पीड़ित तुरंत थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने पुलिस टीम को तुरंत सक्रिय किया और आरोपी की पतासाजी के लिए रवाना किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान की और वारदात के सिर्फ कुछ घंटे बाद चांदमारी इलाके में दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चमार सिंह यादव और राम कुमार नायक निवासी चांदमारी रियापारा बताया और चोरी की घटना को स्वीकार किया। साथ ही लुटी गई सोने की चैन भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल के आस-पास लोगों के सहयोग से और तेज़ी से की गई खोजबीन ने इस कार्रवाई को संभव बनाया।
स्थानीय लोग इस घटना को लेकर सकते में हैं और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि सार्वजनिक सुरक्षा और पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी जारी रहेगी।