जंगल में ‘पुटू’ बीनने गई थी प्रभा… अचानक गरजी आसमान, और फिर सब खत्म

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
धरमजयगढ़ (रायगढ़)। बरसात के मौसम में जंगल जीवन देता है—लेकिन कभी-कभी वही जंगल मौत की खामोश खबर भी बन जाता है। गुरुवार की सुबह कुछ ऐसा ही हुआ, जब पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई एक महिला की जिंदगी अचानक आसमान से गिरी आफत ने छीन ली।
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर की रहने वाली प्रभा एक्का (55 वर्ष) रोजमर्रा की तरह अपने परिजनों के साथ संगरा जंगल गई थीं। मौसम उस वक्त सामान्य था, लेकिन जंगल के भीतर पहुंचते-पहुंचते बादलों ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ घनघोर बादल छाए और देखते ही देखते गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली इतनी तेज थी कि प्रभा एक्का सीधे उसकी चपेट में आ गईं। झुलसी हालत में उन्हें तत्काल परिजन उठाकर सिविल अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस अचानक हुई मौत से स्तब्ध है।
घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की औपचारिक जांच में जुटी है, हालांकि प्रथम दृष्टया यह साफ तौर पर आकाशीय गाज का मामला माना जा रहा है।
बरसात के मौसम में जिले के ग्रामीण इलाकों में इस तरह की घटनाएं हर साल सामने आती हैं, लेकिन इसके बावजूद जंगल या खुले मैदान में जाने के दौरान एहतियात को लेकर जागरूकता अब भी सीमित है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि बदलते मौसम के बीच प्रकृति का एक पल भी कितना खतरनाक साबित हो सकता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️