Latest News

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को मिला नया मुखिया: न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र ने ली मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायपुर, 7 सितम्बर 2026।
छत्तीसगढ़ न्यायपालिका के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र ने राज्य के 16वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण से पूर्व राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट की प्रति न्यायमूर्ति महापात्र को सौंपी। इस औपचारिकता के साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का दायित्व विधिवत संभाल लिया। समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया, जिन्होंने राष्ट्रपति के वारंट का वाचन भी किया।

न्यायमूर्ति महापात्र इससे पहले उड़ीसा उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत रहे हैं। विधि और न्याय के क्षेत्र में उनके दीर्घ अनुभव को देखते हुए उनके कार्यकाल से न्यायिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और दृष्टि की अपेक्षा की जा रही है।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, अधिवक्ता समुदाय और प्रशासनिक अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना और महाधिवक्ता विवेक शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश को शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की न्यायिक परंपरा में यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखी जा रही है। न्यायमूर्ति महापात्र के नेतृत्व में न्यायपालिका से न केवल लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, बल्कि आमजन की न्याय तक आसान पहुंच को लेकर भी सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।

See also  कबाड़ के अवैध कारोबार पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 6 आरोपियों से करीब 15 टन कबाड़ और एक ट्रक जब्त

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button