सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, आरोपी फरार

सम्पादक अमरदीप चौहान/अमरखबर.कॉम रायगढ़। जिले में दो अलग-अलग दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। एक घटना में सौतेले पिता ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरी घटना में नाबालिग प्रेमी ने 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि सौतेला पिता फरार है।पहली घटना: सौतेले पिता की हैवानियत
यह घटना खरसिया चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां मायके गई हुई थी, जिससे वह घर में सौतेले पिता के साथ अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गया। घटना की जानकारी पीड़िता ने अपनी मां को दी, जिसके बाद खरसिया चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
खरसिया चौकी प्रभारी संजय नाग ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
दूसरी घटना: शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
दूसरी घटना में, 19 वर्षीय युवती के साथ उसके नाबालिग प्रेमी ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों मामलों में जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।