ऑपरेशन ‘प्रहार’ में कबाड़ माफिया पर शिकंजा : तीन बड़ी कार्रवाइयों में 79 टन स्क्रैप जब्त, 48 लाख की संपत्ति पुलिस के कब्जे में

Journalist Amardeep Chauhan
amarkhabar.com
रायगढ़, 17 जुलाई 2026। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे पुलिस अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बीते दो दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करने वाली जब्ती की है। पूंजीपथरा और जूटमिल थाना पुलिस की संयुक्त सक्रियता में तीन अलग-अलग मामलों में कुल करीब 79 टन स्क्रैप कबाड़, दो ट्रक और एक माजदा वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 48 लाख रुपये बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में वाहनों के चालक परिवहन किए जा रहे कबाड़ के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे में चोरी की संपत्ति होने की आशंका के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान का हिस्सा है, जिसमें कबाड़ के अवैध कारोबार पर लगातार दबिश दी जा रही है।

तमनार चौक पर घेराबंदी, माजदा में मिला टिन कबाड़
पहली कार्रवाई 15 जुलाई को थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में की गई। मुखबिर की सूचना पर तमनार चौक में घेराबंदी कर CG-12-AY-0313 माजदा वाहन को रोका गया। वाहन चालक देवेन्द्र तिवारी (58 वर्ष), निवासी कोरबा से पूछताछ के दौरान वाहन में करीब 3 टन 390 किलो टिन स्क्रैप मिला। इसकी कीमत करीब 91 हजार रुपये आंकी गई है। दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने वाहन (करीब 5 लाख रुपये) समेत कबाड़ जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।

कबीर चौक में खड़ा ट्रक बना संदेह का आधार
दूसरी कार्रवाई 16 जुलाई को थाना जूटमिल क्षेत्र के कबीर चौक में हुई। यहां छातामुड़ा-काशीराम चौक मार्ग पर खड़े CG-13-AB-9599 ट्रक की जांच में भारी मात्रा में लोहे और टिन का स्क्रैप लोड मिला। चालक महेन्द्र यादव (34 वर्ष), निवासी पलामू (झारखंड) वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। धर्मकांटा में तौल कराने पर कुल वजन 40,630 किलोग्राम पाया गया, जिसमें स्क्रैप की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने वाहन और माल जब्त कर न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया।

सारंगढ़ मार्ग पर तीसरी बड़ी पकड़
इसी दिन जूटमिल पुलिस ने तीसरी कार्रवाई छातामुड़ा गांव के बाहर रायगढ़-सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर की। मुखबिर सूचना पर रोके गए OR-15-S-0187 ट्रक में भी भारी मात्रा में स्क्रैप लोड मिला। चालक दुर्योधन पाणिग्रही (52 वर्ष), निवासी बरगढ़ (ओडिशा) कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तौल में ट्रक सहित वजन 35,410 किलोग्राम पाया गया और स्क्रैप की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने वाहन और कबाड़ जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
बड़े नेटवर्क की आशंका, जांच तेज
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने जिले में सक्रिय अवैध कबाड़ नेटवर्क की मौजूदगी को लेकर संकेत दिए हैं। पुलिस अब जब्त स्क्रैप के वास्तविक स्वामित्व, उसके स्रोत और सप्लाई चेन की गहन जांच में जुटी है। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
“अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार प्रहार जारी रहेगा” – एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि “अवैध कबाड़ की खरीद-बिक्री और परिवहन में शामिल हर नेटवर्क पर पुलिस की नजर है, और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”
यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि रायगढ़ पुलिस अब कबाड़ के अवैध कारोबार को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में इस नेटवर्क पर और बड़ी कार्रवाई संभव है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️