Latest News

पुलिस ने खोला ‘दो माह का चोरी नेटवर्क’; आदतन चोर समेत दो गिरफ्तार, 4.50 लाख की बरामदगी

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 7 सितंबर।
जूटमिल थाना क्षेत्र में बीते डेढ़ महीने से सक्रिय वाहन चोरों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शोरूम यार्ड से चार नई एक्टिवा स्कूटी चोरी करने के सनसनीखेज मामले के साथ-साथ दो पुराने बाइक चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस कार्रवाई में आदतन बदमाश समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 4.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जूटमिल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह बड़ी सफलता हासिल की। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।

शोरूम की सुरक्षा में चूक, चाबी लगी गाड़ियों को बनाया निशाना

मामले की शुरुआत मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम से हुई, जहां 14 से 17 अगस्त के बीच यार्ड से चार एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई थीं। 20 अगस्त को दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर जांच शुरू की थी।

जांच में सामने आया कि आरोपी मार्शल यादव और उसका साथी सुनील सारथी रात के समय शोरूम यार्ड में घुसते थे। यार्ड में कतारबद्ध खड़ी नई स्कूटियों में कई में चाबी लगी होने का फायदा उठाकर दोनों अलग-अलग दिनों में चार वाहन आसानी से पार कर ले गए। चोरी के बाद स्कूटियों को नगर निगम कॉलोनी स्थित सुनील के घर के नीचे छिपाकर रखा गया था और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशा जा रहा था।

पुरानी वारदातों का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपी मार्शल यादव ने जूटमिल क्षेत्र में पूर्व में हुई दो अन्य बाइक चोरी की घटनाओं को भी कबूल किया।

करीब दो माह पहले चोरी की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल को पेट्रोल खत्म होने पर पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड के पास छोड़ दिया गया था।

वहीं एक अन्य घटना में गांधीनगर-काशीराम चौक से Dream Yuga बाइक चोरी कर कोड़ातराई के पास छोड़ दी गई थी।


दोनों ही वाहन पुलिस को पहले लावारिस हालत में मिल चुके थे, लेकिन अब इन मामलों की कड़ी जुड़ गई है।

अन्य थाना क्षेत्रों में भी सक्रियता के संकेत

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी कई वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस अब इन मामलों की भी जांच कर रही है और अन्य संभावित वारदातों को जोड़ने में जुटी है।

आदतन अपराधी निकला मुख्य आरोपी

गिरफ्तार मार्शल यादव कोई नया नाम नहीं है। वह पहले भी कई बार वाहन चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और जेल जा चुका है। हाल ही में पिछले महीने ही उसे चक्रधरनगर पुलिस ने एक अन्य स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।

गिरफ्तार आरोपी

1. मार्शल यादव (26 वर्ष), निवासी मिट्ठुमुड़ा, गांधी नगर, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़


2. सुनील सारथी उर्फ चद्दर (34 वर्ष), निवासी भजनडीपा, नगर निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़



पुलिस की अपील

पुलिस ने वाहन मालिकों और शोरूम संचालकों से सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से खुले यार्ड में खड़े वाहनों में चाबी न छोड़ने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

See also  ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म, त्वरित कार्रवाई में आरोपी सलाखों के पीछे

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button