समझाइश के बाद सख्ती: बापूनगर हमले में 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास की धाराएं जोड़ जेल भेजा

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 2 सितंबर 2026। त्योहारों के बीच शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। एक दिन पहले ही पुलिस द्वारा बदमाशों को थाने बुलाकर दी गई समझाइश के बावजूद हिंसक वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बापूनगर का है, जहां 30 अगस्त की देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। प्रार्थिया सुषमा दीप (40) की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। शिकायत के मुताबिक, उनका पुत्र पालेश्वर दीप रात करीब 1:30 बजे घर से गुटखा लेने निकला था। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास घात लगाए बैठे कृष्णा डोगरे और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में युवक के सिर, माथे, पेट और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान सामने आने के बाद प्रकरण में हत्या के प्रयास और बलवा जैसी गंभीर धाराएं जोड़ दी गईं।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और 1 सितंबर की शाम से देर रात तक कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में विभिन्न हथियारों के उपयोग की बात स्वीकार की। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टील का चाकू, लोहे का पंच, पत्थर का टुकड़ा और साइकिल की चैन बरामद की है, जो घटना में इस्तेमाल किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में कृणामुखी उर्फ गिदुमुखी (19), सेवक साण्डे (23), देवेन्द्र कन्द्र (24), सोहन साण्डे (20), सादिन महानंद (20) और अलिस साण्डे (21), सभी निवासी बापूनगर शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में त्योहारों के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। एक दिन पूर्व ही नगर पुलिस अधीक्षक स्तर पर बदमाशों को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद हुई घटना पर पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई कर यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी।
इस पूरी कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
स्पष्ट संदेश: रायगढ़ पुलिस ने दो टूक कहा है कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने, आपसी रंजिश में हिंसा करने या शहर में दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️