जमीन और गाड़ी के कारोबार में ‘करोड़ों का खेल’: तमनार पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा, 1.10 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 24 जुलाई 2026।
वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर सुनियोजित तरीके से लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का तमनार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में ही 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है, जबकि कई अन्य पीड़ितों के सामने आने से आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार पूरा मामला तब सामने आया, जब रायगढ़ शहर के बाजीराव पारा निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। दोनों ने आरोप लगाया कि ग्राम पड़िगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू, जो खुद को वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबारी बताता था, ने भरोसा जीतकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने पहले वाहन खरीदने-बेचने के नाम पर रकम ली, फिर पैसे लौटाने के नाम पर जमीन बेचने का झांसा दिया। इसी दौरान उसने खसरा नंबर 428/4 की जमीन का सौदा भी पीड़ितों से कर लिया। लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई है। इस तरह आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों पीड़ितों से कुल 44 लाख 40 हजार रुपये ठग लिए।
जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे ठगी का दायरा भी बढ़ता गया। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी समेत कई अन्य लोगों को भी इसी तरीके से निशाना बनाया। अब तक 10 से 15 पीड़ितों से एक करोड़ से अधिक की ठगी की पुष्टि हो चुकी है।
मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और ठगी की वास्तविक राशि का पता लगाया जा सके।
इस पूरे मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि आर्थिक अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों से अर्जित अवैध संपत्तियों की भी पहचान कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल यादव, सहायक उप निरीक्षक सुरति लाल सिदार सहित थाना तमनार स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों के साथ इस तरह की ठगी हुई है, वे आगे आकर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि सभी पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️