ऑपरेशन शंखनांद: धरमजयगढ़ में मवेशी तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 पशु मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, 25 मई। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनांद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन से आठ मवेशियों को मुक्त कराया है। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 24 मई की देर रात डॉयल 112 को सूचना मिली कि ग्राम खड़गांव में एक पिकअप वाहन में संदिग्ध तरीके से मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 12 AS 8363 में क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर रखे गए 8 मवेशी पाए गए।
मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों से पूछताछ में उनकी पहचान सत्यपाल राठिया (21 वर्ष) और तिहारू राम राठिया (30 वर्ष), निवासी चाकामार नवापारा, जिला कोरबा के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि वाहन चालक रमेश राठिया मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन सहित मवेशियों को थाना धरमजयगढ़ पहुंचाया।
कानूनी कार्रवाई और धाराएं
थाना धरमजयगढ़ में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर
छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11
के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मवेशियों की देखभाल की व्यवस्था
मुक्त कराए गए मवेशियों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हुए उनके चारा-पानी की व्यवस्था ग्राम सलखिया गौशाला में कराई गई है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
कार्रवाई में टीम की भूमिका
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, प्रधान आरक्षक जगित राठिया, डॉयल 112 के आरक्षक प्याराजीवन टोप्पो और चालक इलियास खान की सक्रिय भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि
“ऑपरेशन शंखनांद के तहत मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
बढ़ती सतर्कता का संकेत
धरमजयगढ़ की यह कार्रवाई संकेत देती है कि जिले में मवेशी तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर और सख्ती दोनों बढ़ी है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से यह भी स्पष्ट है कि प्रशासन अब इस तरह के मामलों में तत्काल प्रतिक्रिया और कानूनी कार्रवाई को प्राथमिकता दे रहा है।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.