छात्र स्नेह सम्मेलन में सालिक साय का संदेश – शिक्षा से ही बनेगा सशक्त और समृद्ध समाज

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
जशपुर। शासकीय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय जशपुर में आयोजित वार्षिक सम्मेलन एवं छात्र स्नेह सम्मेलन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र सिंह ने की। सम्मेलन में एस.डी. गुप्ता, प्रो. प्रवीण सत्पथी, राजेश गुप्ता, नरेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष भाजयुमो भूषण वैष्णव सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सालिक साय ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन की स्थापना हुई है और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। क्योंकि शिक्षा ही वह दीप है, जो व्यक्ति नहीं, पूरे समाज को प्रकाशित करता है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि छात्र जीवन में अर्जित ज्ञान और संस्कार ही भविष्य की दिशा तय करते हैं। आत्मविश्वास, समर्पण और संस्कार के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही समाज के सच्चे शिल्पकार बनते हैं।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छात्र स्नेह सम्मेलन उल्लास और उमंग के साथ संपन्न हुआ।

News associate PK Agrwal