बुलेकेरा में एसईसीएल के सौजन्य से मशरूम उत्पादन और प्रोसेसिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। जनपद पंचायत घरघोड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरौद के ग्राम बुलेकेरा में एसईसीएल के सौजन्य से प्रदान किए जा रहे मशरूम उत्पादन और प्रोसेसिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 12 फरवरी 2026 को किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेशानुसार विजयलक्ष्मी समाज कल्याण समिति, रायगढ़ द्वारा संचालित किया जा रहा था।
कार्यक्रम में एसडीएम घरघोड़ा, तहसीलदार घरघोड़ा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी घरघोड़ा की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बरौद के सरपंच, सचिव और ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
विजयलक्ष्मी समाज कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती माया दत्ता ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मशरूम उत्पादन और प्रोसेसिंग को बढ़ावा देना है, जिससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन एवं प्रोसेसिंग की तकनीक सिखाई गई है, ताकि वे अपने घर में ही मशरूम का उत्पादन कर अपनी आय बढ़ा सकें।

माया दत्ता ने आगे की गतिविधियों के लिए निम्नलिखित बिंदुओं से अवगत कराया—
1. हितग्राहियों का फॉलअप: प्रशिक्षण में भाग लेने वाले हितग्राहियों का फॉलअप करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें मशरूम उत्पादन और प्रोसेसिंग में आवश्यक सहायता प्रदान करना।
2. मशरूम उत्पादन केंद्र की स्थापना: ग्राम बुलेकेरा में मशरूम उत्पादन केंद्र की स्थापना करना, जहां हितग्राही उत्पादन कर अपनी आय बढ़ा सकें।
3. मशरूम प्रोसेसिंग इकाई की स्थापना: एक प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करना, जहां मशरूम को प्रोसेस कर बाजार में बेचा जा सके।
4. मार्केटिंग और बिक्री: हितग्राहियों को मशरूम उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री में सहयोग प्रदान करना, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
5. सरकारी योजनाओं का लाभ: हितग्राहियों को संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान करना, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित एसडीएम, तहसीलदार और सीईओ द्वारा हितग्राहियों को संबोधित करते हुए शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
उक्त कार्यक्रम का निरीक्षण निरंतर एसईसीएल के सीएसआर विभाग से श्री गजानंद द्वारा किया गया। उन्होंने सभी हितग्राहियों को एसईसीएल की ओर से उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।