बसंतपुर, लैलूंगा में प्रशासनिक दबिश से हड़कंप: नायब तहसीलदार हिमांशू सिंह की कार्रवाई में अवैध धान का भंडाफोड़, कई पर कसा शिकंजा

रायगढ़/लैलूंगा। सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान खरीदी और भंडारण की गतिविधियाँ जिस तेजी से बढ़ रही थीं, उसी रफ्तार से प्रशासन ने भी अपनी निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को लैलूंगा के बसंतपुर गांव में नायब तहसीलदार हिमांशू सिंह की अगुवाई में की गई ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई ने धान माफियाओं में खौफ पैदा कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है—धान सिस्टम बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा।
सूत्रों के संकेत बने बड़ी कार्रवाई का आधार
काफी समय से ग्राम बसंतपुर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएँ प्रशासन को मिल रही थीं। शिकायत थी कि स्थानीय निवासी सुनील यादव पिता हेमसागर यादव के घर में अवैध धान का संग्रह किया जा रहा है। लगातार मिल रही सूचनाओं की पुष्टि होते ही नायब तहसीलदार हिमांशू सिंह ने राजस्व अमले के साथ मौके पर दबिश दी।
20 बोरी धान बरामद—मौके पर ही जप्ती, पंचनामा तैयार
घर की तलाशी में 20 बोरी अवैध धान मिला, जिसे राजस्व टीम ने मौके पर ही जप्त किया। पूरा पंचनामा तैयार किया गया और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा—
“कोई भी व्यक्ति चाहे भंडारण करे या सीमा पार अवैध परिवहन… उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।”
गांव में प्रशासनिक वाहनों की घेराबंदी—ग्रामीणों की भारी भीड़, तनावपूर्ण माहौल
अचानक हुई कार्रवाई से गांव में हलचल मच गई। प्रशासनिक वाहनों और अधिकारियों की मौजूदगी से माहौल एक समय के लिए तनावपूर्ण नजर आया, लेकिन राजस्व दल की कड़ी निगरानी के कारण किसी भी तरह का व्यवधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने कार्रवाई को देखकर राहत भी जताई। कई लोगों ने कहा कि—
“यह कदम किसान हितों की रक्षा करेगा और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखेगा। अवैध खरीदी रुकने से असली किसानों का धान सही दाम पर बिक सकेगा।”
हिमांशू सिंह का सख्त संदेश—‘अब कोई भी बचने वाला नहीं’
नायब तहसीलदार हिमांशू सिंह ने कहा—
“क्षेत्र में धान खरीदी को प्रभावित करने वाली गतिविधियाँ बढ़ रही थीं। शिकायतें लगातार मिल रहीं थीं। अब किसी भी प्रकार का अवैध भंडारण या ओड़िशा की ओर परिवहन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।”
उनकी लगातार की जा रही कार्रवाइयों से पिछले कुछ हफ्तों में कई अवैध धान माफिया सामने आ चुके हैं, और कई ने गतिविधियाँ बंद कर दी हैं।
कार्यवाही ने किया साफ—सिस्टम में सुधार प्रशासन की पहली प्राथमिकता
बसंतपुर की यह कार्रवाई प्रशासन की कड़ी मंशा का संकेत है। सीमावर्ती क्षेत्रों में धान के अवैध कारोबार को उखाड़ फेंकने के लिए राजस्व और पुलिस दोनों ही स्तरों पर लगातार अभियान जारी है।
समाचार सहयोगी योगेश चौहान