Latest News

“होली पर पुलिस का रहेगा पहरा: चेकिंग पॉइंट, सादी वर्दी में जवान और फ्लैग मार्च  रायगढ़ पुलिस का हाईटेक सुरक्षा कवच”

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़, 3 मार्च।
रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने इस बार सुरक्षा का ऐसा खाका तैयार किया है, जिसमें तकनीक और मानव संसाधन दोनों का संतुलित उपयोग दिखाई दे रहा है। अगले 48 घंटे जिले में पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “जीरो टॉलरेंस” की रणनीति के साथ सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।

ड्रोन और सीसीटीवी की रियल टाइम निगरानी

शहर के कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड़ और खरसिया थाना क्षेत्रों में पांच ड्रोन लगातार आसमान से निगरानी करेंगे। इसके साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग कक्ष बनाया गया है, जहां विशेषज्ञ टीम लाइव फीड पर नजर रखेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भीड़ की असामान्य हलचल पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जाएगी।

व्हाट्सएप ग्रुप से तेज होगा रिस्पॉन्स टाइम

एसएसपी के निर्देश पर शहर की 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स को एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया है। इस ग्रुप में ड्रोन और सीसीटीवी की जानकारी के साथ-साथ पेट्रोलिंग टीम अपनी लाइव लोकेशन साझा करेगी, ताकि आपात स्थिति में निकटतम टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। देहात क्षेत्रों में भी समन्वय बढ़ाने के लिए संचार तंत्र मजबूत किया गया है।

16 चेकिंग पॉइंट, दर्जनों फिक्स पिकेट

शहर में 16 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई होगी। कोतवाली क्षेत्र में 24, कोतरारोड़ में 12 और जूटमिल व चक्रधरनगर में 10-10 फिक्स पिकेट स्थापित किए गए हैं। बाइकर्स गैंग और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

सादी वर्दी में जवान, सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

महिला और पुरुष जवान सादी वर्दी में तैनात रहेंगे, ताकि छेड़छाड़ या हुड़दंग की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। साइबर थाना और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट पर नजर रखेगी। दोषी पाए जाने पर सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

नदी, डेम और पार्कों पर प्रतिबंध

होली के दिन नदी, डेम और वाटर एरिया में जाने पर सख्त मनाही रहेगी। प्रशिक्षित होमगार्ड गोताखोरों की तैनाती और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। शहर के गार्डन बंद रहेंगे और आउटर क्षेत्रों में भी लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।

400 जवानों की तैनाती

जिले में उपलब्ध पुलिस बल के साथ छठवीं बटालियन और मैनपाट बटालियन से प्राप्त अतिरिक्त बल मिलाकर लगभग 400 अधिकारी और जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के भोजन और पेयजल की व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए हैं।

शांति समिति और फ्लैग मार्च

त्योहार से पहले सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति के व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय किए गए हैं। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें। शाम को विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर कानून व्यवस्था का संदेश दिया जाएगा।

SSP RAIGARH SHASI MOHAN SINGH

एसएसपी का स्पष्ट संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा—
“होली शालीनता और भाईचारे का त्योहार है। गुंडागर्दी, छेड़छाड़, शराब पीकर वाहन चलाना या शांति भंग करने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों के लिए जेल के दरवाजे खुले हैं।”

रायगढ़ पुलिस का यह हाईटेक और सघन सुरक्षा प्लान साफ संकेत देता है कि इस बार होली रंगों से सजेगी, लेकिन कानून की सख्त निगरानी के बीच।

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button