शराब के नशे में फूटा गार्ड का कहर: फारेस्ट क्वार्टर में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, प्रमोशन से पहले बना हत्यारा

फ्रीलांस एडिटर अमरदीप चौहान/अमरखबर.कॉम रायगढ़। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज में एक खौफनाक घरेलू विवाद ने रविवार सुबह पूरे इलाके को दहला दिया। सरकारी क्वार्टर में फारेस्ट गार्ड ने अपनी पत्नी को डंडे से इतनी बेरहमी से पीटा कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
खाना बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, नशे में पति बना हैवान
जानकारी के अनुसार कापू थाना क्षेत्र के ग्राम बंधनपुर निवासी यादराम अजगल्ले छाल रेंज के गंजाइपाली स्थित सरकारी क्वार्टर में अपनी पत्नी सोनलता (32) के साथ रहता था। शनिवार देर रात यादराम शराब के नशे में घर पहुंचा। खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
नशे में धुत यादराम ने घर में रखे डंडे से सोनलता की ताबड़तोड़ पिटाई कर दी। चोटें इतनी गंभीर थीं कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह जब आसपास के लोगों ने खून से लथपथ शव देखा तो तुरंत छाल थाना पुलिस को सूचना दी।
फॉरेंसिक टीम पहुंची, पति हिरासत में—हर दिन होता था विवाद
सूचना मिलते ही खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी व पुलिस टीम मौके पर पहुँची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे, दीवारों और सामान से साक्ष्य एकत्र किए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दंपत्ति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीती रात भी खाना बनाने की बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ, जो हत्या पर समाप्त हुआ।
पुलिस ने आरोपी फारेस्ट गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रमोशन से पहले ही रुक गई नौकरी की राह
ग्रामीणों व वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यादराम अजगल्ले का कुछ ही दिनों में प्रमोशन होने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अब हत्या के मामले में गिरफ्तारी और विभागीय कार्रवाई के चलते उसका प्रमोशन रुकना तय माना जा रहा है।
पोस्टमार्टम आज, जांच में मिलेंगे हत्या के मुख्य तथ्य
घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने में देर हो जाने के कारण रविवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार सोमवार को पीएम कर परिजनों को शव सौंपा जाएगा। अधिकारी प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका और खाना बनाने को लेकर हुए विवाद – दोनों को हत्या का संभावित कारण मान रहे हैं।
समाचार सहयोगी सिकंदर चौहान