Latest News

विधायक रामकुमार टोप्पो के आतिथ्य में केजीब्लेफ्स अंग्रेजी माध्यम स्कूल कापू में मनाया गया वार्षिकोत्सव 2026

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com


संस्कार, संस्कृति और सृजनात्मकता का उत्सव:तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव भव्यता के साथ सम्पन्न

उत्कृष्ट बच्चों, पालकों एवं संगीत गुरुओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मान


कापू।
शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना के समन्वय का जीवंत उदाहरण केजीब्लेफ्स इंग्लिश मीडियम स्कूल, कापू में देखने को मिला, जहाँ 5 फरवरी से 7 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सीतापुर श्री रामकुमार टोप्पो की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

वार्षिकोत्सव की शुरुआत खेलकूद प्रतियोगिताओं से हुई। प्रथम दिवस खो-खो, कबड्डी, फ्रॉग जंप, स्पून रेस, बोतल गेम, चेयर रेस, वन टैग, कपल रेस, नंबर रन और बैलेंस बोतल जैसी रोचक गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दूसरे दिन ड्राइंग, पेंटिंग, मेहंदी, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा सामने आई।

तीसरे और अंतिम दिन दोपहर एक बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक रामकुमार टोप्पो, विशिष्ट अतिथि नीरज शर्मा (मंडल अध्यक्ष कापू), चंद्रसेनी दुष्यंत राठिया (डीडीसी) सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, गणमान्य नागरिकों और अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्राम चितामाड़ा से आए कर्मा कलाकार कुलदीप कुजूर एवं सरिता की टीम ने ढोल, नगाड़े और मांदर की थाप पर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया।

स्कूली बच्चों ने मंच से भारत के विभिन्न प्रांतों की संस्कृति, भाषाओं और लोकनृत्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की। वृक्ष और ऑक्सीजन के महत्व पर आधारित संदेशात्मक नाटक, डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर केंद्रित अस्पृश्यता निवारण का प्रभावी मंचन, बेटियाँ बेटों से कम नहीं, देशभक्ति, वृद्ध माता-पिता की सेवा, रिश्तों का महत्व और गुरुजनों के सम्मान जैसे विषयों पर प्रस्तुत कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी वास्तविक प्रतिभा के आधार पर सम्मानित किया गया। बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर का पुरस्कार कक्षा आठवीं की नज़ालिया खान को प्रदान किया गया। नर्सरी से आठवीं तक कक्षाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। वहीं बेस्ट पेरेंट्स ऑफ द ईयर के रूप में श्री रामधन विदेशी राठिया, अजय बुधमनिया तिग्गा, मनोज बसंती महंत एवं गोपीनाथ बसंती खुटिया को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने संबोधन में विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ शिक्षा के साथ संस्कार देने का जो प्रयास किया जा रहा है, वह नए भारत के निर्माण की सशक्त नींव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न होकर नैतिकता, सत्यता, तर्कबुद्धि और मानवीय मूल्यों को विकसित करने वाली होनी चाहिए। बच्चों की प्रस्तुतियों, विद्यालय के अनुशासन और संस्थापक की सोच की उन्होंने खुले मंच से सराहना की तथा सभी प्रतिभागियों के लिए पुरस्कारों की घोषणा कर माहौल को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

संध्याकालीन सत्र में संगीत का रंग जमाया। संगीत गुरु विद्याधर भोय, सुप्रसिद्ध गायिका राजकुमारी महंत (कोरबा), कु. पूजा (खरसिया) सहित स्थानीय कलाकारों ने अपनी कर्णप्रिय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी कलाकारों को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में शाला के संस्थापक श्री रामलाल माहेश्वरी, संचालक लक्ष्मण माहेश्वरी, कार्यक्रम प्रबंधन में ललिता माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षकगण, स्टाफ, अभिभावकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। तीन दिनों तक चला यह वार्षिकोत्सव न केवल एक आयोजन रहा, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और समाज को जोड़ने वाला प्रेरक मंच बनकर उभरा।

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button