रायगढ़ के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: आईएचएम रायपुर में निःशुल्क हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट डिप्लोमा पाठ्यक्रम
Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
डीएमएफ के माध्यम से युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण और संपूर्ण सुविधा
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पहल, 15 अप्रैल तक करें आवेदन
रायगढ़, 29 मार्च 2026/ जिले के युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला खनिज संस्थान न्यास रायगढ़ के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के लिए रायपुर स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में 18 माह के विशेष डिप्लोमा पाठ्यक्रमों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। पाठ्यक्रम के अंतर्गत कुल 15 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन, डिप्लोमा इन हाउस कीपिंग ऑपरेशन्स एवं डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज सर्विस के लिए 5-5 सीटें शामिल हैं।
चयनित अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण का संपूर्ण व्यय जिला प्रशासन (डीएमएफ) द्वारा वहन किया जाएगा, साथ ही उनके आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। पात्रता के अंतर्गत अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना तथा रायगढ़ जिले के खनन प्रभावित क्षेत्र का मूल निवासी होना आवश्यक है। चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं 100 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित होगी, जिसमें 12वीं के अंकों को 70 प्रतिशत वेटेज, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 अंक, प्रत्यक्ष खनन प्रभावित ग्राम के लिए 10 अंक, अप्रत्यक्ष प्रभावित ग्राम के लिए 5 अंक तथा महिला अथवा विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग (पीवीटीजी) के अभ्यर्थियों को 10 अंक प्रदान किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएमएफ शाखा में 15 अप्रैल 2026 सायं 5:00 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, मूल निवास प्रमाण पत्र, खनन प्रभावित ग्राम का प्रमाण पत्र, बीपीएल राशन कार्ड अथवा आय प्रमाण पत्र तथा आवश्यकतानुसार जाति प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य है।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि यह पहल खनन प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि आतिथ्य प्रबंधन के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को बेहतर भविष्य के अवसर मिलेंगे। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों को निर्देशित किया है कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील भी की है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/