मोबाइल में एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता: APK फाइल के ज़रिए साइबर ठगी का खतरनाक जाल

फ्रीलांस एडिटर अमरदीप चौहान/अमरखबर.कॉम
साइबर अपराधियों ने ठगी का तरीका एक बार फिर बदल दिया है। अब न तो कॉल की जरूरत है और न ही लंबी बातचीत की। सिर्फ एक मैसेज, उसमें जुड़ी एक छोटी सी फाइल और फिर पलभर में मोबाइल से लेकर बैंक खाते तक सब कुछ अपराधियों के कब्जे में। देश में हाल के दिनों में सामने आए मामलों ने साइबर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
साइबर थाना और साइबर सेल में दर्ज शिकायतों के अनुसार, लोगों के मोबाइल पर अनजान नंबर से संदेश आ रहे हैं—कभी “आपका चालान कटा है”, तो कभी “शादी का निमंत्रण है, कार्ड डाउनलोड करें”। इन संदेशों के साथ जो फाइल भेजी जा रही है, वह दिखने में मामूली लेकिन असल में बेहद खतरनाक होती है। यह फाइल APK (एंड्रॉयड पैकेज किट) फॉर्मेट में होती है।
जैसे ही कोई व्यक्ति जिज्ञासा या जल्दबाजी में उस फाइल को डाउनलोड करता है, मोबाइल के अंदर चुपचाप एक खतरनाक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल हो जाता है। यह सॉफ्टवेयर नज़र नहीं आता, लेकिन बैकग्राउंड में हर गतिविधि पर नजर रखने लगता है—बैंकिंग एप, ओटीपी, मैसेज, कॉल डिटेल्स, यहां तक कि कैमरा और माइक्रोफोन तक।
पढ़े-लिखे भी हो रहे शिकार
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस ठगी के जाल में सिर्फ सामान्य लोग ही नहीं, बल्कि तकनीकी समझ रखने वाले लोग भी फंस रहे हैं। साइबर सेल के अधिकारियों के अनुसार, इंजीनियर, शिक्षक और कारोबारी तक इन APK फाइलों को डाउनलोड कर चुके हैं। कई मामलों में फाइल किसी परिचित के नंबर से आई, जिससे संदेह की गुंजाइश ही नहीं लगी।
साइबर थाना सूत्रों के मुताबिक, हर महीने ऐसे 8 से 10 मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें लोगों का बैंक खाता खाली हो चुका है या निजी डेटा चोरी हो गया है।
क्या होती है APK फाइल और क्यों है खतरनाक?
APK दरअसल एंड्रॉयड मोबाइल एप को इंस्टॉल करने की फाइल होती है। गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड होने वाले एप कई स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरते हैं, इसलिए अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाते हैं। लेकिन जब यही APK फाइल वाट्सएप, टेलीग्राम, एसएमएस या ईमेल के जरिए भेजी जाती है और यूजर उसे डाउनलोड करता है, तो वह अनजाने में मोबाइल को बाहरी सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने की अनुमति दे देता है।
यही वह पल होता है, जब मोबाइल सुरक्षा से बाहर निकल जाता है। ऐसी फाइलों में अक्सर मालवेयर छिपा होता है, जो जासूसी करता है और ठगों को आपकी निजी दुनिया की चाबी सौंप देता है।
पुलिस और साइबर सेल की चेतावनी
स्थानीय पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अनजान नंबर से आई किसी भी APK फाइल को कतई डाउनलोड न करें। खासतौर पर अगर संदेश बैंक, यूपीआई, चालान या इनाम से जुड़ा हो, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से ही जानकारी लें।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी आर्थिक और मानसिक परेशानी से बचा सकती है।
डिजिटल युग में सुविधा के साथ खतरे भी उतने ही बढ़ गए हैं। साइबर ठग अब तकनीक से ज्यादा हमारी जल्दबाजी और भरोसे को हथियार बना रहे हैं। याद रखें—मोबाइल पर आई हर फाइल जरूरी नहीं कि भरोसेमंद हो। एक गलत क्लिक आपकी सालों की कमाई पर भारी पड़ सकता है।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।